ट्रंप और हिलेरी की दावेदारी मजबूत
(International)
मैनहट्टन के अरबपति डोनाल्ड ट्रंप और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने हाल में कुछ प्राइमरी में हार मिलने के बाद खेल का रुख बदलने वाले न्यूयार्क प्राइमरी चुनाव जीतकर अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में क्रमश रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बनने की अपनी-अपनी दावेदारी को और मजबूत कर लिया है। स्थानीय समयानुसार कल रात नौ बजे मतदान समाप्त होने के बाद मीडिया संस्थानों ने घोषणा की कि ट्रंप (69) और हिलेरी (68) ने न्यूयार्क प्राइमरी चुनाव में जीत हासिल कर ली है। ट्रंप को उनके गृह राज्य में मिली इस बड़ी जीत ने उनकी दावेदारी को एक नई लय दे दी है और उन्हें पार्टी उम्मीदवार बनने के लिए आवश्यक 1,237 डेलीगेटों की संख्या के निकट ला दिया है। आठ वर्षों तक न्यूयार्क की सीनेटर रहीं हिलेरी 59.3 प्रतिशत मतों के साथ अपने प्रतिद्वंद्वी बर्नी सैंडर्स से काफी आगे है। सैंडर्स को 40.8 प्रतिशत मत मिले हैं। आधे मतों की गणना के बाद ट्रंप 61.4 प्रतिशत मतों के साथ सीनेटर टेड क्रूज और गवर्नर जॉन कैसिच से काफी आगे थे। ट्रंप ने समर्थकों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अपनी जीत का भाषण देते हुए कहा कि वह मेक्सिको और सभी अन्य देशों से नौकरियां वापस लाने और अमेरिका की सेना और पूर्व सैनिकों में निवेश पर ध्यान केंद्रित करेंगे। ट्रंप न्यूयार्क में रिपब्लिकन प्राइमरी में बड़ी जीत की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे प्रतीत हो रहे हैं और उनके न्यूयार्क में सभी 95 डेलीगेट का समर्थन प्राप्त करने की संभावना है। डेमोक्रेट के इस प्राइमरी में 291 डेलीगेट दांव पर हैं। हिलेरी के पास 1307 और सैंडर्स के पास 1094 डेलीगेट का समर्थन है। कुल 2383 डेलीगेट का समर्थन हासिल करने वाला दावेदार पार्टी उम्मीदवार बनेगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।