गिरफ्तारी नहीं हो तो क्रिश्चियन माइकल भारत आने को तैयार
(International)
विवादित अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदे में कथित बिचैलिया रहे क्रिश्चियन माइकल की वकील रोसमैरी पैट्रिजी डोस अनजोस ने आज कहा कि उनके मुवक्किल भारत लौटने और जांच अधिकारियों का सामना करने के लिए तैयार हैं, लेकिन उनको यह आश्वासन मिलना चाहिए कि उनकी गिरफ्तारी नहीं होगी। वकील ने कहा कि माइकल दुबई में हैं और सच बयां करने के इच्छुक हैं। अनजोस ने कहा कि उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट है और इसलिए वह भारत नहीं जा सकते। वह जाने के लिए स्वतंत्र नहीं हैं। वह जाना चाहते हैं और हर जवाब देना चाहते है तथा सच बयां करना चाहते हैं लेकिन गिरफ्तारी वारंट के साथ नहीं। उन्होंने कहा कि माकइल न्यायाधीश के समक्ष सभी सवालों के जवाब देने के लिए उपलब्ध हैं लेकिन उनको भरोसा मिलना चाहिए कि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। अनजोस ने कहा कि अगर उनके मुवक्किल को भारतीय अधिकारियों से औपचारिक निमंत्रण मिलता है और यह यकीन दिलाया जाता है कि उनको गिरफ्तार नहीं किया जाएगा तो वह भारत जाएंगे और सभी सवालों का जवाब देंगे। इस विवादित सौदे और अगस्ता वेस्टलैंड के लिए सौदा तय करने की एवज में 120 करोड़ रुपये की कथित तौर पर घूस दिए जाने के इस मामले को लेकर इन दिनों बड़ा राजनीतिक विवाद चल रहा है। सीबीआई ने इस मामले में वायुसेना के पूर्व प्रमुख एसपी त्यागी से आज दूसरे दिन भी पूछताछ की।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।