नाइजीरिया के चिबोक से दो साल पहले बोको हराम द्वारा बंधक बनाई गई 219 स्कूली लड़कियों में से पहली लड़की अब देश के सैनिकों को मिली है। लड़की के रिश्तेदार का कहना है कि वह गर्भवती और सदमे में है, बाकी सबकुछ ठीक है। आमिना अली नकेकी कल बोर्नो प्रांत के साम्बिसा वन क्षेत्र में सेना की मदद कर रहे असैन्य कर्मियों को मिली और उसे चिबोक के निकट मबालाला लाया गया है। यह उसका गह कस्बा है। चिबोक में सामुदायिक नेता अयूब अलामसन चिबोक ने कहा, वह अपने मां-बाप से मिली है और इसके बाद उसे डाम्बोआ स्थित सैन्य ठिकाने ले जाया गया। उन्होंने कहा, उसके पिता का नाम अली है और लड़की का नाम आमिना है। मैं परिवार को अच्छी तरह जानता हूं क्योंकि इन लड़कियों के परिवारों के प्रवक्ता के तौर पर मैंने काम किया है। बोको हराम के चरमपंथियों ने 14 अप्रैल, 2014 में चिबोक के सरकारी बालिका माध्यमिक स्कूल से 276 बच्चियों को बंधक बनाया था। इनमें से 57 लड़कियां भाग निकलने में सफल रही थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।