काबुल धमाकों में मरने वालों की संख्या 80 हुई
(International)

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में हजारा शियाओं के एक विशाल प्रदर्शन के दौरान हुए दो बम धमाकों में कम से कम 80 लोग मारे गए और 231 अन्य घायल हो गये। अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। अफगानिस्तान की राजधानी में आईएस का यह पहला बड़ा हमला है। शिया-सुन्नी सौहार्द के लिए मशहूर इस देश में पंथिक कलह के बीज बोने के इरादे से ये धमाके उस समय किये गये जब बड़ी संख्या में हजारा शिया समुदाय के लोग करोड़ों डॉलर की लागत से बिछायी जा रही बिजली की लाइन को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। गृहमंत्रालय ने एक बयान में कहा, हमले में 80 लोग शहीद हुए हैं और 231 अन्य घायल हुए हैं। बयान में कहा गया है, प्राथमिक सूचना के आधार पर हमला तीन आत्मघाती हमलावरों ने किया, तीसरे हमलावर को सुरक्षा बलों ने मार गिराया। अधिकारियों ने बताया कि घायलों के कारण शहर के अस्पतालों में जगह नहीं है। रक्त की कमी की खबरें मिल रही हैं और सोशल मीडिया पर रक्तदान करने की अपील की जा रही है। आईएस से कहीं ज्यादा मजबूत आतंकवादी संगठन तालिबान ने इस हमले में कोई भी हाथ होने से इनकार किया है। इस्लामिक स्टेट ने उससे जुड़ी संवाद समिति अमाक पर बयान जारी कर हमलों की जिम्मेदारी ली है और इसे शियाओं पर हमला बताया है। अमाक ने लिखा है, काबुल में शियाओं की भीड़ में इस्लामिक स्टेट के दो लड़ाकों ने अपने विस्फोट बेल्ट में धमाका किया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।