पाक वायुसेना प्रमुख ने दी भारत को गीदड़ भभकी
(International)
पाकिस्तान के वायुसेना प्रमुख सोहेल अमान ने गुरुवार को कहा कि भारत की ओर से किसी भी खतरे को लेकर पाकिस्तान बिलकुल भी चिंतित नहीं है और युद्ध का अनुभव रखने वाली उसकी सेना आक्रामक जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। नौंवी अंतरराष्ट्रीय रक्षा प्रदर्शनी और परिसंवाद (आईडीयाज) में वायुसेना प्रमुख ने कहा, भारत को लेकर हमें जरा भी चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि यह बेहतर होगा कि भारत संयम दिखाए और तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए कश्मीर मसले को हल करे। एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने उनके हवाले से कहा कि भारत को संयम दिखाना चाहिए और कश्मीर मुद्दे का हल निकालना चाहिए क्योंकि यही उनके लिए बेहतर होगा। अमान ने कहा कि पाकिस्तान युद्ध नहीं चाहता लेकिन इस तरह के दबाव को नजरअंदाज भी नहीं कर सकता। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी किस्म की आक्रामकता का समुचित जवाब देने में हम सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि उरी में आतंकी हमले के बाद भारत की ओर से मिलने वाली किसी भी धमकी के मद्देनजर हमने (युद्ध की) योजना तैयार की है वायु सेना प्रमुख ने इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तान की सेना के जर्ब ए अज्ब अभियान में शामिल रहने के कारण वह खतरों का जवाब देने में अनुभवी हो चुकी है। वायुसेना प्रमुख की टिप्पणी पाकिस्तान के उस दावे के एक दिन बाद आई है जिसमें कहा गया था कि भारतीय बलों ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में एक यात्री बस को निशाना बनाया जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई जबकि नौ अन्य घायल हो गए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।