पर्रिकर दो दिन की बांग्लादेश यात्रा पर
(International)
रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर दो दिन की बांग्लादेश यात्रा पर आज यहां पहुंचे। वह दोनों देशों के बीच के रक्षा रिश्तों को प्रगाढ़ करने के लिए शीर्ष असैनिक और सैनिक नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। पिछले 45 साल के दौरान किसी भारतीय रक्षामंत्री की बांग्लादेश की यह पहली यात्रा है। उनका स्वागत बांग्लदेश सेना के प्रिंसिपल स्टाफ आफिसर लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद महफूजुर रहमान और अन्य सरकारी अधिकारियों ने किया। पर्रिकर 11 सदस्यों वाले एक उच्च शक्ति प्राप्त शिष्टमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। यहां जारी सेना की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अपने बांग्लादेश प्रवास के दौरान वह बांग्लादेशी राष्ट्रपति अब्दुल हामिद और प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात करेंगे। पर्रिकर द्विपक्षीय वार्ता के लिए प्रधानमंत्री के रक्षा एवं सुरक्षा सलाहकार मेजर जनरल (रिटायर्ड) तारिक अहमद सिद्दीक से भी मिलने वाले हैं। रक्षामंत्री के साथ थल सेना और वायुसेना के वाइस चीफ और नौसेना के डिप्टी चीफ तथा तटरक्षक प्रमुख भी हैं। वह कल चटगांव की सैन्य अकादमी जाएंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।