सिंधु जल समझौते में कोई बदलाव स्वीकार नहीं करेगा पाक!
(International)
पाकिस्तान ने सिंधु जल समझौते में किसी भी तरह के बदलाव की आशंका पर कहा है कि वो इसे स्वीकार नहीं करेगा। पाकिस्तान का बयान तब आया है जब दो दिन पहले भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने सिंधु जल संधि को लेकर विश्व बैंक के फैसले पर संतोष जताया था और कहा था कि पाकिस्तान की आपत्तियों का द्विपक्षीय ढंग से निस्तारण किया जा सकता है। विकास स्वरूप ने कहा था कि भारत का हमेशा से मानना रहा है कि सिंधु जल संधि के क्रियान्वयन खासकर तकनीकी सवालों एवं मतभेदों का समाधान भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय ढंग से होना चाहिये। पाकिस्तान के मशहूर अखबार ‘डॉन’ में छपी खबर के मुताबिक पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विशेष सहयोगी तारिक फातमी ने कहा, “पाकिस्तान सिंधु जल समझौते के मौजूदा प्रावधानों में किसी तरह के बदलाव या रूपांतरण को स्वीकार नहीं करेगा। हमारा सिद्धांत समझौते में निहित उपबंधों को मानने के लिए प्रतिबद्ध है। इसलिए इस समझौते का हरसंभव पालन किया जाना चाहिए।” पाकिस्तान ने आरोप लगाया है कि भारत दो विवादित परियोजनाओं को पूरा करने के लिए अनुचित दवाब बना रहा है। पाकिस्तान 330 मेगावाट के किशनगंगा प्रोजेक्ट और 850 मेगावाट के रातले परियोजना पर यह कहकर आपत्ति जताता रहा है कि यह सिंधु जल समझौते का उल्लंघन है। यह तनाव उस वक्त और गहरा गया था जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इशारों ही इशारों में सिंधु जल समझौते की समीक्षा की बात कही थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।