अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कांग्रेस को सूचित किया है कि इस्लामिक स्टेट के आतंकियों के खिलाफ इराक के कुछ हिस्सों में अमेरिकी सेना के अभियान का प्रसार और अवधि सीमित है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के स्पीकर जॉन बोहनर को इराक से संबंधित युद्ध शक्ति प्रस्ताव के संबंध में लिखे पत्र में ओबामा ने कहा कि उन्होंने सशस्त्र बलों को इराक में लक्षित हवाई हमले करने के अधिकार दिए हैं। ओबामा ने कहा, इन सैन्य अभियानों का दायरा और अवधि सीमित होगी क्योंकि इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड लेवेंट को इरबिल की ओर आगे बढ़ने से रोककर इराक में अमेरिकी जवानों की सुरक्षा और सिंजर पर्वत के कब्जे को हटाना एवं वहां फंसे नागरिकों की सुरक्षा करना जरूरी है। याजीदी अल्पसंख्यक समुदाय के हजारों परिवार कथित तौर पर पर्वतों पर बिना भोजन और पानी के फंसे हुए हैं। ये लोग इस्लामिक स्टेट के उपद्रवी लड़ाकों से बचकर यहां आए हैं। ओबामा के आदेशों के बाद अमेरिकी सेना ने इराक में इस्लामिक स्टेट के प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया था। इधर, अमेरिका ने उत्तरी इराक में अरबिल शहर के समीप इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों के खिलाफ दो और हवाई हमले किये हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय मुख्यालय पेंटागन के एक प्रवक्ता ने हमले की पुष्टि करते हुये बताया कि तड़के अरबिल के समीप आईएस के ठिकानों पर पांच-पांच सौ पौंड वजन के दो बम गिराये गये। गौरतलब है कि सुन्नी मुस्लिमों के समूह आईएस ने इराक और सीरिया के एक बड़े हिस्से पर अपना कब्जा कर रखा है। वर्ष 2011 में अमेरिकी सैनिकों की इराक से वापसी के बाद यह पहला मौका है जब अमेरिका ने इराक में सीधी सैन्य कार्रवाई की है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।