मोदी के स्वागत में जुटे 300 से ज्यादा संगठन
(International)
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगले महीने होने वाली पहली अमेरिकी यात्रा पर दुनिया पर भी निगाहें टिकी हैं। यही वजह है कि उनकी यात्रा के दौरान ऐतिहासिक स्वागत को लेकर कई संगठन आगे आए हैं। खबरों की माने तो 300 से ज्यादा भारतीय-अमेरिकी संगठन इस काम को लेकर एक साथ आ गए हैं। इस समारोह में कई अमेरिकी सांसदों के मौजूद रहने की संभावना है। नव गठित इंडियन अमेरिकन कम्यूनिटी फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित होने वाले समारोह में मोदी 28 सितंबर को न्यूयॉर्क सिटी में ऐतिहासिक मेडिसन स्क्वेयर गार्डन से भारतीय मूल के लोगों के लिए बड़ा नीतिगत भाषण भी दे सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा होनी अभी बाकी है। मेडिसन स्क्वेयर गार्डन न्यूयॉर्क के मिडटाउन मेनहट्टन में है और इसकी क्षमता 18 हजार से 20 हजार लोगों की है। इस आयोजन स्थल के खचाखच भरे रहने की संभावना है। यह विदेश में किसी भारतीय प्रधानमंत्री या किसी भारतीय नेता द्वारा अब तक दिया गया सबसे बड़ा सार्वजनिक संबोधन होगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।