पाकिस्तान के उत्तरपश्चिमी खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात हमलावरों ने एक सिख की हत्या कर दी। बुधवार को अमरजीत सिंह मरदान शहर के शहीदान बाजार स्थित अपनी दुकान के गोदाम में मृत पाया गया। उनके बेटे गगन सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपनी कॉस्मैटिक शॉप पर दोपहर दो बजे तक था। जब उसके पिता आए तो उन्होंने उसे घर भेज दिया। जब गगन शाम पांच बजे लौटा तो उसने देखा कि दुकान के शटर आधे गिरे हुए थे और उसके पिता वहां नहीं थे। गगन दुकान के साथ ही बने गोदाम में गया, तो वहां उसे पिता का शव पड़ा मिला। गगन ने कहा कि उसके परिवार का कोई भी दुश्मन नहीं है और वे मरदान स्थित डगई में कई वर्षों से रह रहे हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और हत्या की जांच शुरू कर दी है। पिछले महीने दो लोगों ने सिख समुदाय के तीन लोगों पर पेशावर के हाश्तनगरी इलाके स्थित शबाब बाजार में गोलियां चला दी थीं। इस गोलीबारी में जगमोत सिंह नाम का एक शख्स मारा गया था जबकि मनमीत सिंह और परम सिंह नाम के दो अन्य लोग घायल हो गए थे। इन लोगों पर गोलियां चलाई गई थीं, क्योंकि उन्होंने मार्किट में कॉस्मैटिक की दुकान खोली थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।