(International)
298 लोगों की जान लेने वाली इस भीषण त्रासदी के बारे में प्रकाशित एक अंतरिम रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। डच सेफ्टी बोर्ड द्वारा जारी की गयी इस रिपोर्ट में कहा गया है कि मलेशियाई एयरलाइंस का विमान एमएच 17 बीच हवा में विस्फोट के कारण टुकड़े टुकड़े हो गया था और यह बड़ी संख्या में उच्च गति वाली वस्तुओं द्वारा लक्षित करके किए गए विध्वंस का हिस्सा हो सकता है। रिपोर्ट में पेश किए गए तथ्यों से उन दावों को बल मिलता है कि एम्सटर्डम से कुआलालम्पुर जा रहे बोइंग 777 को एक मिसाइल से निकले तेज छरे ने अपना शिकार बनाया। रिपोर्ट के अनुसार, इस बात के कोई संकेत नहीं हैं कि एमएच 17 किसी तकनीकी खराबी या चालक दल के सदस्यों की किसी गलती के कारण हादसे का शिकार हुआ। यूक्रेन और पश्चिमी देशों ने रूस समर्थक अलगाववादियों पर सतह से हवा में मार करने वाली और रूस द्वारा उपलब्ध करायी गयी बीयूके मिसाइल से इस विमान को गिरा डालने का आरोप लगाया था। लेकिन यूक्रेन में पांच महीने से चले आ रहे विवाद में अपनी सीधी संलिप्तता के पश्चिमी देशों के आरोपों से इंकार करने वाले रूस ने सरकारी बलों को विमान पर हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया था। मलेशियाई एयरलाइंस के विमान एमएच 370 के मार्च में रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने के बाद एयरलाइंस को एमएच 17 हादसे के रूप में दूसरा सबसे बड़ा झटका लगा था और इससे पूरी दुनिया का ध्यान पूर्वी यूक्रेन में जारी खूनी बगावत की ओर चला गया था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।