पाकिस्तान में बुधवार को एयर फोर्स के जेट विमानों ने हवाई हमलों में उत्तरी वजीरिस्तान के कबायली इलाके में 65 तालिबानी आतंकियों को मार गिराया और उनके गुप्त ठिकानों को नष्ट कर दिया। सेना द्वारा तालिबानी आतंकियों के बढ़ते प्रभाव को कम करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पाक सेना की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि एयर फोर्स के द्वारा आतंकियों के खिलाफ किए गए ताजा हमले में दत्ता खेल घाटी में तीन गुप्त ठिकानों को नष्ट कर दिया गया और 65 आतंकियों को मार गिराया गया। इसके मुताबिक, शवाल घाटी में 30 आतंकियों को और दत्ता खेल में हवाई हमलों में 35 आतंकियों को मार गिराया गया। हालांकि, किसी स्वतंत्र एजेंसी ने इस इलाके में आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि नहीं की है। एक दिन पहले ही सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई गोलीबारी में छह आतंकी मारे गए थे। गोलीबारी में एक सैनिक व सेना के एक असैन्य कर्मचारी की भी मौत हो गई थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।