भरूच जिले में सांप्रदायिक हिंसा में तीन लोग मारे गए
(Hansot, Bharuch) गुजरात में भरूच जिले के हनसोट नगर में और आसपास आज भड़की सांप्रदायिक हिंसा में तीन लोग मारे गए तथा कम से कम 10 अन्य घायल हो गए. भरूच के पुलिस अधीक्षक बिपिन अहिरे ने कहा, ‘‘स्थिति अब नियंत्रण में है. हमने अतिरिक्त बल बुलाया है. हम कड़ी नजर रखे हुए हैं.’’पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दो अन्य ने सूरत में एक अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. दस लोगों का हनसोट, भरूच और सूरत में इलाज चल रहा है.अहिरे ने बताया कि आज मकर संक्रांति समारोह के दौरान अम्बेटा गांव के पास पतंग पकड़ने को लेकर दो समूहों के बीच हाथापाई के बाद झड़पें शुरू हुईं. उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना से अम्बेटा और हनसोट में तनाव फैल गया. लोगों ने पथराव किया. हमें यह भी पता चला कि कुछ दुकानें जला दी गई हैं.’’स्थानीय पुलिस के अनुसार तनाव तब शुरू हुआ जब आज सुबह अम्बेटा गांव में पतंग पकड़ने को लेकर एक युवक ने एक समुदाय विशेष से ताल्लुक रखने वाले एक लड़के को पीट दिया.जल्द ही हनसोट में भी झड़पें होने लगीं. पुलिस के अनुसार धार्मिक स्थलों और दुकानों को निशाना बनाया गया. पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े. दोनों स्थानों पर पुलिस और राज्य रिजर्व पुलिस के जवान बड़ी संख्या में तैनात किए गए हैं.

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।