25 जनवरी को होगी मोदी-ओबामा की बातचीत
(International)
तीन दिवसीय दौरे पर 25 जनवरी रविवार को भारत आने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का बहुत ही व्यस्त दौरा होगा। तीन दिन के दौरे में उनके तीन दिन में ग्यारह कार्यक्रम होंगे। बतौर राष्ट्रपति ओबामा का यह दूसरा भारत दौरा है और केवल एक देश की यात्रा का पहला मौका होगा। अपनी पत्नी मिशेल के साथ बराक ओबामा रविवार को नई दिल्ली सुबह दस बजे पहुंचेंगे। उनके साथ पेंटागन (अमेरिकी रक्षा विभाग) के वरिष्ठतम अधिकारियों के साथ व्हाइट हाउस के अफसर भी होंगे। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत ऊर्जा और कोयला मंत्री पीयूष गोयल करेंगे।विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने ओबामा के दौरे का ब्योरा देते हुए कहा कि ऐसे सरकारी दौरों की परंपरा के ही अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति के आगमन पर उनके लिए राष्ट्रपति भवन में एक स्वागत समारोह होगा। उसके बाद ओबामा राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। उसके बाद तय प्रोटोकाल के तहत हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इस दौरान बहुस्तरीय वार्ता में दोनों ओर से प्रतिनिधिदल भी शामिल होगा। उसके पश्चात प्रधानमंत्री की मेजबानी में भोज रखा गया है। उसी दिन शाम को ओबामा राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात करेंगे। कई जानी-मानी हस्तियों के बीच ओबामा के लिए राष्ट्रपति की ओर से रात्रिभोज होगा। मुख्य आयोजन 26 जनवरी की सुबह को होगा जिसमें ओबामा बतौर चीफ गेस्ट गणतंत्र दिवस परेड में शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के साथ दिन भर कई व्यापारिक बैठकों और समारोहों में शिरकत के बाद शाम को ओबामा राष्ट्रपति मुखर्जी की तरफ से एट होम रिसेप्शन में शामिल होंगे।यात्रा के आखिरी दिन 27 जनवरी को रेडियो पर मन की बात कार्यक्रम के तहत मोदी और ओबामा भारतीय श्रोताओं से रूबरू होंगे। उसके बाद ओबामा दंपति आगरा जाकर ताजमहल देखेंगे। उसके बाद दिल्ली लौटने पर वह अमेरिका के लिए रवाना होंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।