आरा के सिविल कोर्ट में बम विस्फोट
(India)


बिहार के आरा जिले के सिविल कोर्ट में शुक्रवार को बम विस्फोट में दो महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई और लगभग एक दर्जन अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल है। इस विस्फोट के आत्मघाती होने का शक जाहिर किया गया है। इस बिंदु पर जांच करने के लिए पटना से विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। इस बीच पूर्व गृह सचिव आरके सिंह ने बयान दिया है कि प्राथमिक जांच में यह आतंकी हमला नहीं प्रतीत हो रहा है। इसके साथ ही आशंका जताई जा रही है कि कैदियों को छुड़ाने की यह एक साजिश हो सकती है। जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे सिविल कोर्ट में हाजत के पास (जहां पर कैदी रखे जाते हैं) विस्फोट हुआ जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। विस्फोट में मरनेवालों में एक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल है। बताया जा रहा है कि मरनेवाली दूसरी महिला ही बैग में बम लेकर आई थी। महिला की अभी तक शिनाख्त नहीं हुई है। आशंका है कि किसी कैदी को छुड़वाने के लिए यह विस्फोट किया गया है। एक अन्य व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।