अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भारत में चार अरब डालर के कारोबारी निवेश का एलान करते हुये कहा कि दोनों देश मिलकर विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। ओबामा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में भारत-अमरीका बिजनेस समिट को संबोधित करते हुये कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार में अपार संभावनायें हैं जिनका अब तक पर्याप्त इस्तेमाल नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि उनका देश भारत में चार अरब डॉलर का कारोबारी निवेश करेगा। साथ ही ओबामा ने कहा कि हरित ऊर्जा के क्षेत्र में दो अरब डॉलर का निवेश किया जायेगा। इसके अलावा अमरीका में निर्मित वस्तुओं के भारत में निर्यात के लिए अमरीकी एक्सपोर्ट-इंपोर्ट बैंक एक अरब डॉलर की वित्तीय मदद देगा। ओबामा ने कहा कि पिछले कुछ सालों में भारत और अमरीका के बीच व्यापार 60 फीसद बढ़कर 100 अरब डॉलर पर पहुँच गया है। लेकिन वहीं चीन के साथ अमरीका का व्यापार 560 अरब डॉलर का है। ओबामा ने कहा कि भारत और अमरीका के बीच द्विपक्षीय व्यापार में वृद्धि की जरूरत है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।