छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले दौर में आज 54 विकासखंडों में पंच-सरपंच, जनपद व जिला पंचायत सदस्य के 42 हजार 187 पदों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इन पदों के लिए 1 लाख 22 हजार 384 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार पहले दौर में 55 लाख 53 हजार 149 मतदाता 11 हजार 971 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पहले दौर के मतदान में निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए गए हैं। त्रिस्तरीय पंचायत के चुनाव में मतपत्रों के माध्यम से मतपेटियों में वोट डाले जा रहे हैं। पंचायत चुनाव गैर-दलीय आधार पर होंगे। मतदान के बाद मतों की गणना मतदान केन्द्रों में की जाएगी। जरूरत पड़ने पर विकासखंड मुख्यालयों में मतगणना की जा सकेगी। पहले चरण के तहत बिलासपुर के बिल्हा व मस्तूरी विकासखंड, मुंगेली के लोरमी, जांजगीर-चांपा जिले के डभरा, जैजेपुर, नवागढ़, कोरबा जिले के कोरबा, करतला, रायगढ़ जिले के घरघोड़ा, लैलूंगा, धरमजयगढ़, तमनार, सूरजपुर के सूरजपुर, भैयाथान, बलरामपुर जिले के रामचन्द्रपुर, वाड्रफनगर, सरगुजा के जिले के अम्बिकापुर, लखनपुर, उदयपुर, कोरिया जिले के मनेन्द्रगढ़, भरतपुर, जशपुर के फरसाबहार, कांसाबेल, पत्थलगांव, रायपुर के आरंग, अभनपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा के सिमगा, भाटापारा, पलारी, बलौदाबाजार, गरियाबंद के फिंगेश्वर, देवभोग, महासमुंद के पिथौरा, बसना, सरायपाली, धमतरी के धमतरी, कुरूद, दुर्ग के धमधा, बालोद जिले के डौंडीलोहारा, डौंडी, राजनांदगांव के अंबागढ़ चैकी, मोहला, मानपुर, कबीरधाम के कवर्धा, सहसपुर लोहारा, कोण्डागांव के कोण्डागांव, बस्तर के जगदलपुर, बकावण्ड, कांकेर के अंतागढ़, कोयलीबेड़ा, दंतेवाड़ा के कटेकल्याण, सुकमा के छिंदगढ़ तथा बीजापुर जिले के बीजापुर व भैरमगढ़ में मतदान किया जा रहा है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।