अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा खत्म होने के बाद मोदी सरकार ने बुधवार देर रात अचानक विदेश सचिव सुजाता सिंह के कार्यकाल को कम करते हुए उनकी बर्खास्तगी को तत्काल से प्रभाव से लागू कर दिया गया। रिटायर होने से 8 महीने पहले सुजाता सिंह की बर्खास्तगी को कहीं से भी साधारण कदम नहीं माना जा सकता। सुजाता सिंह से एक बैच जूनियर अमेरिका में भारतीय राजदूत सुब्रमण्यम जयशंकर को नया विदेश सचिव बनाया गया है। गौरतलब है कि 28 साल पहले 1987 में राजीव गांधी ने एपी वेंकेटेश्वरण को विदेश सचिव से हटाया था। इसके बाद से सुजाता सिंह पहली विदेश सचिव हैं जिन्हें पद से अनौपचारिक तरीके से हटाया गया। कुल मिलाकर सुजाता सिंह के काम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुश नहीं थे। पिछले कुछ महीनों से सिंह को लेकर कोई रहस्य की स्थिति बन गई थी। उन्हें बदलने के लिए कई बार बात भी हुई लेकिन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज सुजाता सिंह को हटाने के खिलाफ थीं। आखिरकार ओबामा की यात्रा के बाद यह फैसला ले ही लिया गया। इससे पहले मोदी को दोनों देशों के बीच सुर्खियां बटोरने वाली शिखर बैठक के लिए जमीन तैयार करने खातिर जयशंकर की वॉशिंगटन में जरूरत थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।