दिल्ली विधानसभा के लिए सात फरवरी को हुए मतदान के बाद मंगलवार को वोटों की गिनती जारी है। रुझानों में आम आदमी पार्टी राज्य में भारी बहुमत को ओर बढ़ रही है। भाजपा के कई दिग्गज पीछे चल रहे हैं। दोपहर तक सभी 70 सीटों के चुनाव नतीजे घोषित कर दिए जाने का अनुमान है।
अब तक मिले रुझानों के मुताबिक आम आदमी पार्टी 62, भाजपा 7, कांग्रेस 0 व अन्य 1 सीट पर आगे चल रहे हैं। मंगोलपुरी (सु.) सीट से आप की राखी बिड़लान, मालवीय नगर से सोमनाथ भारती, पटपड़गंज से मनीष सिसोदिया, नई दिल्ली से अरविंद केजरीवाल, रोहिणी से विजेंद्र गुप्ता आगे चल रहे हैं। वहीं कृष्णानगर से भाजपा की किरण बेदी, सदर बाजार से कांग्रेस के अजय माकन, ग्रेटर कैलाश से शर्मिष्ठा मुखर्जी, बल्लीमारन से हारुन युसूफ, पटेलनगर से भाजपा की कृष्णा तीरथ पीछे चल रही हैं।
रुझानों से ऐसा लग रहा है कि आप भारी बहुमत से दिल्ली में सरकार बनाएगी। खबर है कि केजरीवाल 14 फरवरी यानि वेलेंटाइन डे के दिन मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। वहीं भाजपा की हालत बेहद खराब है। पार्टी के कई दिग्गज उम्मीदवार अपनी सीट गंवाते दिख रहे हैं। जबकि दूसरी ओर कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने की संभावना है।
इस बीच, भाजपा ने अपनी हार मान ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल को फोन पर बधाई दी। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि मैं दिल्ली का विकास चाहता हूं। इस पर मोदी ने कहा कि हम सब दिल्ली का विकास चाहते हैं। केंद्र राज्य के विकास में हरसंभव मदद देगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।