आज राष्ट्रपति के सामने 130 विधायकों की परेड करवाएंगे नीतीश
(BIHAR, India) बिहार में सियासी घमासान अब चरम पर पहुंचता नजर आ रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने समर्थक विधायकों को साथ लेकर दिल्ली पहुंच गए हैं. बुधवार शाम 7 बजे वह राष्ट्रपति के सामने 130 विधायकों की परेड करवाएंगे. इस दौरान नीतीश के अलावा सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव भी उनके साथ होंगे.दिल्ली रवाना होने से पहले मंगलवार को नीतीश कुमार ने कहा कि पूरे मामले में किसी को भी गलत तौर-तरीके अख्त‍ियार करने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए. उन्होंने कहा, 'राज्यपाल महोदय के सामने पूरा संख्या बल लिख‍ित रूप में पेश किया जा चुका है. पर इस मामले में देरी माहौल को खराब करती है. राज्यपाल के सामने परेड को 24 घंटे से ज्यादा वक्त बीत चुका है लेकिन उन्होंने अब तक कोई एक्शन नहीं लिया. इसलिए हम राष्ट्रपति के पास जाने और उन्हें इस सबसे अवगत कराने को बाध्य हैं.'नीतीश समर्थक 70 विधायक मंगलवार शाम को हवाई जहाज से दिल्ली पहुंच चुके हैं. अन्य समर्थक विधायकों के दूसरे विमान से दिल्ली पहुंचने की खबर है. बिहार में अब राजभवन की ओर सभी की‍ निगाहें टिकी हुई हैं. नीतीश समर्थक विधायकों ने राज्यपाल से आग्रह किया था कि वे जल्द से जल्द नए सीएम के बारे में फैसला करें.जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने जानकारी दी कि पांच बजे की फ्लाइट से 70 विधायक दिल्ली रवाना हुए, जबकि बाकी विधायक देर शाम दिल्ली रवाना होंगे. उन्होंने कहा, 'बहुमत होने के बावजूद नीतीश कुमार को अब तक सरकार बनाने का निमंत्रण नहीं मिला है. अब लोग राष्ट्रपति के सामने गुहार लगाने दिल्ली जा रहे हैं. राष्ट्रपति खुद अपनी आंखों से स्थिति देख लें.' उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा गया है.



Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।