विराट का शतक, रोमांचक मैच में भारत का स्कोर 200 के पार
(India) टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए स्कोर 200 के पार पहुचा दिया है। खबर लिखने तक भारत ने 40 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 217 रन बनाए।उप कप्तान विराट कोहली 94 और सुरेश रैना 30 रन बनाकर खेल रहे हैं। विराट ने 113 गेंदों में 7 चौके लगाए जबकि रैना ने 31 गेंदों में एक छक्का और एक चौका जड़ा।भारत ने अपना पहला विकेट रोहित शर्मा के रूप में गवांया। रोहित 15 रन बनाकर सोहेल खान की गेंद पर कैच आउट हुए। रोहित ने अपनी पारी में 20 गेदों में चार चौके लगाए। शिखर धवन 73 रन की बेहतरीन पारी खेलकर रन आउट हो गए। उन्हें मिस्बाह उल हक ने रन आउट किया। शिखर धवन ने 76 गेंदों में एक छक्का और सात चौके जड़े।चोटों और प्रदर्शन के निरंतरता की कमी से जूझ रहा भारत खिताब के बचाव के अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगा तो वह इतिहास से प्रेरणा लेने की कोशिश करेगा।सिडनी में 1992 के विश्व कप में दोनों टीमों के बीच पहली बार भिड़ंत के बाद से भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 50 ओवर के विश्व कप में सभी पांच मैच जीते हैं। महेंद्र सिंह धौनी की अगुआई वाली भारतीय टीम अब सुपर संडे को अपना दबदबा बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।इस मैच के दौरान स्टेडियम के खचाखच भरा रहने की उम्मीद है और लगभग 20,000 भारतीय पहले ही विशेष रूप से इस मैच के लिए एडिलेड पहुंच चुके हैं। दोनों ही टीमें इस मैच को जीतकर टूर्नामेंट की सकारात्मक शुरुआत करने को लेकर बेताब हैं।ऑस्ट्रेलिया की गर्मियों में लचर प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम पहले ही मैच में शिकस्त झेलने की स्थिति में नहीं है और वह भी पाकिस्तान के हाथों। उप कप्तान और अहम बल्लेबाज विराट कोहली के बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहना, अभ्यास मैच में अफगानिस्तान जैसी टीम के खिलाफ भी 10 विकेट चटकाने में नाकाम रहने वाला गेंदबाजी आक्रमण और कुछ अहम खिलाड़ियों की फिटनेस धौनी के लिए चिंता का कारण हैं।पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करती है फिर भले ही वह खराब दौर से ही क्यों नहीं गुजर रही हो। वर्ष 1992 में ऑस्ट्रेलिया और 1999 में इंग्लैंड में विश्व कप में अधिकांश समय खराब प्रदर्शन करने के बावजूद भारत पाकिस्तान को आसानी से हराने में सफल रहा था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।