उत्तर प्रदेश के रायबरेली में हुए ट्रेन हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है । डिविजनल कमिश्नर के मुताबिक हादसे में 150 लोगों को चोटें आई हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। केंद्र सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। देहरादून से वाराणसी जा रही जनता एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतर जाने की वजह से यह हादसा हुआ। शुक्रवार सुबह रायबरेली के पास बछरावां में अचानक जनता एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 14266) का इंजन और 3 डिब्बे पटरी से उतर गए। इनमें से 2 डिब्बों को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचा है। बोगियां एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गईं, जिससे घायल लोगों को बचाने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दुर्घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांव वाले राहत और बचाव कार्य में जुट गए। दुर्घटना की वजह से लखनऊ-वाराणसी खंड पर रेल ट्रैफिक थम गया। बोगियों को अलग करने के लिए क्रेन लगाई गई है। डिब्बों को काटने के लिए गैस कटर का इंतजाम किया जा रहा है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।