शहीदी दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के फिरोजपुर में हुसैनीवाला गांव पहुंचे और शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी ने शहीदों को नमन करने के बाद किसानों को भी अपनी बात समझाने की कोशिश की और केंद्र की ओर से चलाई जा रही योजनाएं गिनाकर उनका दिल जीतने की कोशिश की। मोदी ने रेडियो पर मन की बात के बाद यहां भी किसानों का मुद्दा उठाया। मोदी ने कहा कि क्या आपने कभी सोचा था कि 60 साल के बाद किसान को पेंशन मिल सकती है। लेकिन भारत सरकार ने एक योजना बनाई है कि पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के जरिए अगर किसान जुड़ जाते हैं तो उनको पेंशन दी जाएगी। इन दिनों किसानों को गुमराह करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मैंने मन की बात में किसानों की सारी समस्याओं के जवाब दिए थे। अगर देश को आगे बढ़ना है तो किसानों और उनके परिवार के बारे में भी सोचना जरूरी है।पीएम ने कहा कि सेना में 80 प्रतिशत जवान किसानों के बच्चे हैं। अगर किसानों का विकास नहीं होगा तो उनके बच्चों का क्या होगा। किसान के बेटों का भी भला करना होगा। उन्होंने कहा कि पुराने विचार को छोड़ना पड़ेगा कि खेत को पानी से भर देने से फसल अच्छी होगी। बूंद-बूंद पानी से फसल उपजाएंगे और ऐसे में पानी का सही इस्तेमाल करेंगे और पंजाब की पानी की समस्या को दूर कर पाएंगे। किसानों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि हमने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना बनाई है, जिसके तहत सिंचाई की सुविधा पहुंचाई जाएगी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।