(India)
घाटी में एक बार फिर मौसम ने जबरदस्त करवट ली है. पिछले 24 घंटे से घाटी के ज्यादातर इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं. बारिश की वजह से घाटी की नदियों के जल स्तर में अचानक इजाफा दर्ज किया गया. बडगाम के लादेन गांव में एक मकान ढह गया है। 21 लोग लापता हो गए है, जबकि कुछ लोगों के घर के मलबे में दबकर मरने की आशंका जताई जा रही है. सरकारी अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने सेना और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है.जम्मू में सुरान नदी ने बारिश के बाद अपना रास्ता बदल लिया है और उसके बहाव में पुंछ जिले में 20 से 25 परिवार फंस गए हैं. रेस्क्यू टीमें इन लोगों को बचाने में जुट गई हैं. झेलम दो जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. इस खबर ने लोगों को डरा दिया है. तेज बरसात के कारण श्रीनगर समेत राज्य के तमाम इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है. संसदीय कार्यमंत्री वैंकेया नायडू के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने वरिष्ठ मंत्रियों को राज्य में जाकर वहां हालात का जायजा लेने और बेमौसम बरसात से हुए किसानों के नुकसान का आकलन करने के लिए कहा है.पुलवामा के कई इलाकों में पानी भर गया है. नदियों में पानी का स्तर बढ़ने से कई गांवों से संपर्क टूट गया है. झेलम से सटे इलाके के लोगों ने मकान खाली करने शुरू कर दिए हैं. जम्मू में पुंछ नदी से सटे 20 मकान बाढ़ में डूब चुके हैं. तंगधार, कुपवाड़ा में हिम स्खलन के चलते कई सड़कें बंद हो चुकी हैं.
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।