भारतीय नौसेना ने यमन से 350 भारतीयों को सुरक्षित निकाला
(International)
यमन के अदन शहर से भारतीय नौसेना के जहाज पर करीब 350 भारतीयों को मंगलवार देर रात निकाला गया. यह जहाज इन लोगों को यमन के पड़ोसी देश जिबूती लेकर जाएगा. यमन में बढ़ती हिंसा के बीच अंधेरी रात में इस अभियान को अंजाम दिया गया. रक्षा सूत्रों ने बताया, आईएनएस सुमित्रा अदन पत्तन से निकल चुका है और इस पर करीब 350 भारतीय सवार हैं. इससे पहले भारत को मंगलवार रात अदन से करीब 400 भारतीयों को निकालने के लिए अदन पत्तन पर अपना जहाज खड़ा करने की मंजूरी मिल गई थी. सरकार ने संघर्ष प्रभावित यमन में फंसे 4000 से अधिक भारतीयों को निकालने के लिए बड़ा हवाई और समुद्री अभियान छेड़ा है. दो यात्री जहाजों के अलावा दो युद्धपोतों को सेवा में लगाया गया, वहीं भारतीय वायु सेना ने दो सी-17 ग्लोबमास्टर परिवहन विमान को किसी भी स्थिति के लिए तैयार रखा है. एयर इंडिया ने यमन की राजधानी सना से भारतीयों को जिबूती पहुंचाने के लिए मस्कट में 180 सीट वाले दो एयरबस ए 320 विमानों को तैयार रखा है. संबंधित अधिकारियों की मंजूरी मिलते ही इस दिशा में कदम उठाया जाएगा. रक्षा सूत्रों के मुताबिक, आईएनएस सुमित्रा के अलावा भारतीय नौसेना के दो विध्वंसक पोत आईएनएस मुंबई और रडार की पहुंच से बाहर रहने वाला आईएनएस तर्कश शनिवार तक यमन पहुंचेंगे.

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।