मोदी सरकार आगामी 8 अप्रैल को कैबिनेट में विस्तार करेगी। जानकारी के अनुसार पीडीपी सांसद महबूबा मुफ्ती, शिवसेना के राज्यसभा सांसद अनिल देसाई को केंद्रीय कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा, बीजेपी से राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया जा सकता है। अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री नजमा हेपतुल्ला को कैबिनेट से हटाए जाने की अटकलें हैं।बता दें कि पीएम मोदी ने बीते साल नवंबर में पहली बार कैबिनेट का विस्तार किया था। इसमें गोवा के पूर्व सीएम मनोहर पर्रिकर को बतौर रक्षामंत्री, जबकि पूर्व शिवसेना नेता सुरेश प्रभु को बतौर रेलमंत्री शामिल किया गया। उस वक्त कुल 21 नए चेहरों को कैबिनेट में जगह दी गई। इसके अलावा, कुछ मंत्रालयों में फेरबदल भी की गई, मसलन- वित्त मंत्री अरुण जेटली को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया, जो प्रकाश जावड़ेकर के पास था। इसके बाद बीजेपी नेता जावड़ेकर के पास सिर्फ पर्यावरण मंत्रालय रह गया। कैबिनेट में इस विस्तार के बाद सदस्यों की संख्या 45 से 66 हो गई थी। इनमें पीएम को लेकर 27 के पास कैबिनेट रैंक, 26 राज्यमंत्री और 13 स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्री शामिल हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।