झारखंड को केंद्र की बड़ी सौगात
(India)
केन्द्रीय परिवहन मंत्री नीतिन गडकरी ने आज झारखंड को बड़ी सौगात देते हुए साहेबगंज जिले में लंबे समय से लंबित गंगा नदी पर पुल निर्माण समेत 7500 करोड़ रुपए के विभिन्न योजनाओं की घोषणा की। गडकरी ने रविवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास के अलावा वरीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य से होकर गुजरने वाली पांच राष्ट्रीय उच्च पथों के विकास पर भी इस राशि का कुछ हिस्सा खर्च होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने साहेबगंज जिले में गंगा नदी पर छह लेन वाले एक सेतु के निर्माण का आग्रह किया था जिसे उनके मंत्रालय ने मंजूर कर लिया है। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण पर करीब 2500 करोड़ रुपए खर्च होंगे जो उत्तर पूर्व को जोडने के लिए एक गेटवे की तरह होगा । उन्होंने कहा कि इस परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। केन्द्रीय मंत्री ने सड़क निर्माण में उग्रवाद को बड़ी बाधा बताया और कहा कि इस सिलसिले में वे मुख्यमंत्री दास से राज्य के 21 जिलों के आदिवासी युवको के लिए छोटे ठेके देने को कहा है ताकि ऐसे इलाकों में सड़कों का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है ताकि परियोजनाओं को शीघ्र पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य के उग्रवाद प्रभावित जिलों में विकास के लिए 142.2 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।