प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्रांस यात्रा में भारत और फ्रांस के बीच शुक्रवार को 20 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इनमें रेलवे और परमाणु ऊर्जा क्षेत्र के हुए समझौते भी शामिल हैं। इस मौके पर फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने एलान किया कि फ्रांस भारत में दो अरब यूरो निवेश करेगा। भारत में नागपुर, पुडुचेरी समेत तीन शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने में भी फ्रांस मदद करेगा। मोदी और ओलांद ने साझा बयान में एलान किया कि दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ेंगे। इस मौके पर मोदी ने कहा कि फ्रांस हमारे घनिष्ठ मित्रों में से एक है। हमारे मूल्य और हित एक-दूसरे से जुड़े हैं और पूरक रहे हैं। फ्रांस रक्षा उपकरण और प्रौद्योगिकी के मामले में भारत का सप्लायर रहा है। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी नई ऊंचाई पर पहुंची है।पीएम मोदी ने कहा कि हमने फ्रांस से 36 राफेल जेट खरीदने के बारे में बात की है। दोनों देशों ने अंतरिक्ष में उपग्रह लॉन्च करने की दिशा में मिलकर काम करने का फैसला किया है। मेरा विश्वास है कि फ्रांस की कंपनी भारत में निवेश बढ़ाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों ने तय किया है कि हमारे छात्र पढ़ाई करने के बाद रुककर ट्रेनिंग कर सकेंगे। वहीं, ओलांद ने कहा कि उनका देश भारत के साथ रेलवे, इन्फ्रास्ट्रक्चर, रक्षा और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में साझेदारी करेगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।