भारत ने गुरुवार को परमाणु आयुध ले जाने में सक्षम अग्नि-3 बैलिस्टिक मिसाइल का ओडिशा के तटीय व्हीलर द्वीप से सफल प्रायोगिक परीक्षण किया। मिसाइल की मारक क्षमता 3000 किलोमीटर है। पाकिस्तान ने भी बुधवार को मिसाइल बैलिस्टिक मिसाइल श्गोरीश् का सफल परीक्षण किया था। रक्षा सूत्रों ने बताया कि स्वदेश में विकसित सतह से सतह पर मार करने वाली अग्नि मिसाइल का एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) के परिसर चार से सचल प्रक्षेपक द्वारा प्रायोगिक परीक्षण किया गया। सेना की सामरिक बल कमान ने यह परीक्षण सुबह 9.55 पर किया। आईटीआर निदेशक एमवीकेवी प्रसाद ने बताया यह परीक्षण पूरी तरह सफल रहा। परीक्षण के लिए हर तरह का सहयोग रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने मुहैया कराया। डीआरडीओ के एक अधिकारी ने बताया यह अग्नि तृतीय श्रृंखला का तीसरा प्रायोगिक परीक्षण था। यह परीक्षण मिसाइल के प्रदर्शन के दोहराव के लिए किया गया। आंकड़ों के विश्लेषण के लिए गुरुवार के परीक्षण के संपूर्ण पथ की निगरानी तट पर स्थापित विभिन्न टेलीमेट्री स्टेशनों, इलेक्ट्रों ऑप्टिक प्रणालियों और अत्याधुनिक रडारों तथा प्रभाव बिंदु के समीप खड़ें नौसेना के पोतों के माध्यम से की गई।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।