पाकिस्तान का झंडा फहराने और भारत के खिलाफ नारेबाजी पर अलगाववादी नेता मसरत आलम की गिरफ्तारी के बाद जम्मू-कश्मीर में अन्य अलगाववादी नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। हुरिर्यत के कट्टरवादी नेता सईद अली शाह गिलानी ने आज कश्मीर बंद का आहवान किया है। यह आहवान अलगाववादी नेता मसर्रत आलम की गिरफ्तारी के विरोध में किया गया है। जानकारी के अनुसार गिलानी ने पूरी तरह से कश्मीर बंद करने की अपील की है और समाज के सभी वर्गों से मसर्रत की गिरफ्तारी का विरोध करने के लिए कहा है।शुक्रवार को पुलवामा जिले के त्राल में विरोध-प्रदर्शन का मोर्चा हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के चेयरमैन मीरवाइज उमर फारुख ने संभाला। प्रदर्शनकारियों ने श्रीनगर से त्राल के बीच मार्च निकालने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों बीच झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की। पुलिस को भीड़ को काबू करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। 14 लोगों के घायल होने की खबर है। उधर, इस झड़प के बारे में जब राज्य के डिप्टी सीएम निर्मल सिंह से पूछा गया तो उन्होंने इसे मामूली घटना करार दिया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।