कश्मीर घाटी का माहौल बिगाड़कर बोला पाकिस्तान- शांति के लिए बात करे भारत
(India) एक ओर पाकिस्तान कश्मीर में अलगाववाद की चिंगारी को हवा दे रहा है, दूसरी ओर वह समस्याओं को हल करने के लिए भारत से बातचीत की अपील भी कर रहा है. पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने दोनों देशों के बीच विदेश सचिव स्तर की बातचीत की वकालत की है.पाकिस्तान ने भारत से सभी लंबित मुद्दों के हल के लिए बातचीत बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि शांति होने पर क्षेत्र में व्याप्त गरीबी, निरक्षरता और अन्याय जैसी समस्याओं का उन्मूलन किया जा सकता है.सरताज अजीज ने कहा, ‘हालांकि भारतीय विदेश सचिव इस साल तीन मार्च को पाकिस्तान आए थे, लेकिन यह एक सदभावना दौरा था. औपचारिक वार्ता बहाल होनी बाकी है.’ अजीज ने यह टिप्पणी शनिवार शाम लाहौर फोर्ट में आयोजित ‘मुस्लिम-सिख दोस्ती की तर्जमन- बैसाखी’ नाम की एक संगोष्ठी में की.सरताज ने कहा, ‘पाकिस्तान क्षेत्र में शांति चाहता है और भारत के साथ सभी मुद्दों पर बातचीत शुरू करने की इच्छा रखता है. शांति होगी, तो हम क्षेत्र में गरीबी, निरक्षरता और अन्याय की समस्या का खात्मा कर सकते हैं.’ अजीज ने भारत से वार्ता की प्रक्रिया बहाल करने की अपील करते हुए कहा कि दोनों देश के प्रधानमंत्रियों, नवाज शरीफ और नरेन्द्र मोदी के बीच पिछले साल बैठक के दौरान इस पर सहमति बनी थी. उन्होंने विदेश सचिव स्तर की बातचीत बहाल करने में भारत की ओर से की जा ही कथि‍त देरी पर हैरानी जताई.


Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।