काला धन मामले में अगली सुनवाई 12 मई को
(India)


सुप्रीम कोर्ट ने विदेशी बैंकों में जमा काले धन के मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल को इस मामले में हुई प्रगति पर 12 मई तक स्थिति रिपोर्ट पेश करने को कहा है। वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी ने सुप्रीम कोर्ट से मंगलवार को कहा कि फैसले को प्रभावित करने के लिए सुनियोजित प्रयास किए जा रहे हैं और उन्होंने सरकार से विदेशी बैंकों में जमा काले धन को भारत लाने के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा। इसके बाद न्यायालय ने एसआईटी को यह निर्देश दिया। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति एम.बी.शाह तथा न्यायमूर्ति अरिजीत पसायत काला धन मामले की जांच कर रहे हैं। एसआईटी की अध्यक्षता शाह कर रहे हैं, जबकि पसायत उपाध्यक्ष हैं। प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति एच.एल.दत्तू, न्यायमूर्ति मदन बी.लोकुर तथा न्यायमूर्ति ए.के.सिकरी की पीठ से जेठमलानी ने कहा कि फैसले को प्रभावित करने के लिए सुनियोजित प्रयास किए जा रहे हैं। जेठमलानी ने कोर्ट से कहा कि वह न्यायालय से कुछ सूचनाएं साझा करना चाहते हैं, जो न्यायाधीशों को भौंचक्का कर देगी। उन्होंने अदालत से कहा कि काले धन को वापस लाने में देश के अन्य लोगों की जितनी दिलचस्पी है, उतनी ही न्यायाधीशों को भी है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।