उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि नेपाल के भूकंप पीडितों को राहत प्रदान करने के लिए मंत्रिमंडल के सदस्यों ने 1 माह का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का निर्णय लिया है। उन्होंने भूकंप पीडितों के लिए उप्र सहकारी चीनी मिल्स संघ द्वारा दी गई आर्थिक मदद की भी सराहना की और कहा कि जब भी कोई प्राकृतिक संकट आया इस संस्था ने आगे बढ़कर आर्थिक मदद देने का काम किया है। बेमौसम बारिश तथा ओलावृष्टि से फसलों को हुई क्षति के लिए किसानों को आर्थिक मदद देने के लिए भी इस संस्था ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 लाख रूपये का सहयोग प्रदान किया था। मुख्यमंत्री मंगलवार को शास्त्री भवन स्थित मीडिया सेंटर में नेपाल भूकंप पीडितों के लिए उप्र सहकारी चीनी मिल्स संघ से 25 लाख रूपये तथा उत्तर प्रदेश समाजवादी पार्टी महिला सभा द्वारा 1 लाख रूपये का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए प्राप्त करने बाद मीडिया से वार्ता कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भूकंप के कारण पड़ोसी देश को जन-धन की काफी हानि उठानी पड़ी है। निश्चित रूप से पूरी व्यवस्था को पटरी पर लाने में समय लगेगा। पूरी दुनिया सहित भारत भी नेपाल की हर संभव मदद कर रहा है।राज्य सरकार द्वारा भूकंप पीडितों के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि नेपाल को पर्याप्त संख्या में बसों के अलावा दवाइयां, पानी, दूध एवं अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ-साथ ष्108ष् समाजवादी स्वास्थ्य सेवा तथा ष्102ष् नेशनल एम्बुलेंस सर्विस के तहत एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई, ताकि घायलों को तत्काल स्वास्थ्य शिविरों तक पहुंचाया जा सके।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।