छत्तीसगढ़ के नया रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज होने वाली जनसभा स्थल पर बनाया गया विशाल पंडाल शुक्रवार को दोपहर में आई आंधी में गिर गया। पंडाल को थामने के लिए बनाए गए लोहे के ढांचे भी गिर गए, जिससे 42 पुलिसकर्मियों सहित 55 लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद मोदी की रायपुर में होने वाली सभा रद्द कर दी गई है। हालांकि दंतेवाड़ा में होने वाले उनके कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया गया है। घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मीडिया को प्रधानमंत्री की जनसभा रद्द होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंडाल को दोबारा बनाना कुछ घंटों में संभव नहीं है, पंडाल गिरने की जांच की जाएगी। नया रायपुर में दोपहर करीब तीन बजे आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभास्थल के आसपास तैनात करीब पांच सौ जवान और पंडाल लगाने में जुटे मजदूर टेंट के अंदर घुस गए. हवाएं काफी तेज चल रही थीं. पंडाल के लिए लगाए गए लोहे के फ्रेम जोर-जोर से हिलने लगे और अचानक गिर गए. लोहे के बड़े-बड़े पाइपों की चपेट में आने से 55 लोग घायल हो गए.
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।