मोदी सरकार आज तीन सामाजिक सुरक्षा योजनाएं लेकर आ रही है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की आज देशभर में शुरूआत होगी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 मई को कोलकाता में तीन सोशल सिक्योरिटी स्कीम लॉन्च करेंगे। पेंशन और इंश्योरेंस सेक्टर से जुड़ी इन तीन स्कीमों का मकसद देश के हर नागरिक तक इंश्योरेंस का फायदा पहुंचाना है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 2 लाख का एक्सीडेंट कवर होगा और इसका सालाना प्रीमियम 12 रुपये होगा। दुर्घटना में मौत या पूर्ण विकलांगता पर इसमें 2 लाख रुपये मिलेंगे, जबकि आंशिक विकलांगता पर 1 लाख रुपये मिलेंगे। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में सालाना 330 रुपये के प्रीमियम में 2 लाख रुपये का लाइफ कवर मिलेगा, और इसका फायदा 18 से 50 साल तक की उम्र वाले उठा सकेंगे। इसमें किसी भी वजह से मौत होने पर पॉलिसीहोल्डर के नॉमिनी को 2 लाख रुपये मिलेंगे। इन दोनों बीमा योजनाओं की अवधि एक-एक साल की होगी और ये एक जून से शुरू होकर अगले साल 31 मई तक चलेगी। हर साल इन्हें रिन्यू कराया जा सकेगा। रिन्युअल फॉर्म 31 अगस्त तक भरे जा सकेंगे। अटल पेंशन योजना की बात करें तो इसके तहत 60 साल की उम्र से व्यक्ति को 1000 से 5000 रुपये तक की पेंशन मिलेगी। इस योजना का हिस्सा 18 से 40 वर्ष के लोग बन सकते हैं। इसमें प्रीमियम आपकी पेंशन की जरूरत और उम्र पर निर्भर करेगा। प्रति हजार पेंशन के लिए न्यूनतम प्रीमियम 42 रुपये और अधिकतम प्रीमियम 291 रुपये होगा। इन तीनों स्कीमों का मकसद देश के हर नागरिक को इंश्योरेंस और पेंशन की सुरक्षा देना है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।