गन्ना उद्योग के मुद्दे पर पीएम से मिले पवार
(India)

गन्ना किसानों का बकाया 21 हजार करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। इसको देखते हुए पूर्व कृषि मंत्री व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने गए। उन्होंने संकटग्रस्त चीनी मिलों को उबारने के लिए केंद्र से चीनी का बफर स्टॉक बनाने की मांग की। पवार के नेतृत्व में सहकारी चीनी उद्योग व भारतीय चीनी मिल संघ (इस्मा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मोदी से मुलाकात कर चीनी उद्योग को प्रभावित कर रहे मुद्दों को उनके समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल में सांसद भी शामिल थे। प्रधानमंत्री को बताया गया कि यह काफी चिंता की बात है कि 2014-15 के चीनी सत्र के लिए ही गन्ना किसानों का बकाया 21 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। बकाये के मामले में यह भारतीय चीनी उद्योग के इतिहास का सबसे बड़ा आंकड़ा है। पवार ने कहा कि मिलों की ओर से चीनी लागत मूल्य से छह से आठ रुपये प्रति किलो कम दाम पर बेची जा रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।