गंगा में गिरने वाले नालों का खुद निरीक्षण करेंगी उमा भारती
(India)
केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री उमा भारती ने मंगलवार को कहा कि गंगा स्वच्छता हेतु पहले चरण के वित्तीय प्रावधानों और कागजी कार्यवाही का समय समाप्त होने के बाद अब दूसरे चरण के तहत ‘एक्शन’ का समय आ गया है। मंत्री ने कहा कि अभी से अक्टूबर, 2016 तक वह हर सप्ताह तीन से चार दिन गंगा में गिरने वाले नालों का स्वयं निरीक्षण करेंगीं। केंद्र सरकार की गंगा पुनरुद्धार योजना के अंतर्गत हरिद्वार जिले में गंगा किनारे बहने वाले नालों का मोटरसाइकलों पर घूम-घूम कर निरीक्षण करने के बाद उमा भारती ने कहा, अब वक्त आ गया है कि वे अब कार्यालय से निकलकर गंगा में गिरने वाले हर नालों पर नजर रखें। उन्होंने कहा, अक्टूजबर 2016 तक मैं प्रत्येक सप्ताह तीन से चार दिन गंगा किनारे नालों का दर्शन करूंगी और उनसे कहूंगी कि अब तुम्हारे मरने का समय आ गया है। मंत्री ने कहा कि गंगा पुनरुद्धार योजना का दूसरा चरण शुरू हो गया है।उमा भारती ने कहा, पहला चरण गंगा की स्वच्छता के लिँ वित्तीय प्रावधानों और कागजी कार्यवाही में बीत गया और दूसरे चरण में एक्शन का टाइम है। पिछले साल के 2037 करोड़ रुपए के बजट का अब चार साल का प्रोजेक्शन 20 हजार करोड़ रुपए कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्शन प्लान पर हम राज्य सरकारों के साथ मिलकर कार्य करेंगे और अभी तक हमें राज्य सरकारों से पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्ययोजना की सबसे अच्छी बात यह है कि इसका कोई वित्तीय भार प्रदेश सरकारों पर नहीं है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।