हुर्रियत की रैली को देखते हुए श्रीनगर में सुरक्षा कड़ी
(India)
हुर्रियत कांफ्रेंस की रैली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने श्रीनगर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। छह थाना क्षेत्रों में निषेधाज्ञा को सख्ती से लागू किया जाएगा। गौरतलब है कि कश्मीर में बुधवार को एक रैली के दौरान फिर पाकिस्तानी झंडे लहराए गए और पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी की गई। हुर्रियत कांफ्रेंस के मीरवाइज उमर फारूक के सैकड़ों समर्थकों ने श्रीनगर के राजौरी कदल से लेकर शहीदी चैक हवल तक जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल समर्थक पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। जैसे ही वह हवल पहुंचे, तो आवामी एक्शन कमेटी के महासचिव गुलाम मोहम्मद जाकी ने अपनी पार्टी का झंडा लहराया। इस बीच वहां मौजूद कई युवाओं ने जमकर पाकिस्तान समर्थक नारे लगाए और पाकिस्तानी झंडा भी लहराया। दूसरी तरफ हुर्रियत कांफ्रेंस के उदारपंथी धड़े के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक को बुधवार को नजरबंद कर दिया गया, ताकि वह अपने पिता की बरसी के अवसर पर गुरुवार को प्रस्तावित रैली में हिस्सा न ले सकें। उनके पिता की 1990 में हत्या कर दी गयी थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।