आज तमिलनाडु की पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनेंगी जयललिता
(India)
आय से अधिक संपत्ति मामले में कुर्सी छोड़ने के महज सात महीने बाद अन्नाद्रमुक सुप्रीमो जयललिता आज तमिलनाडु की पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनेंगी। उनके साथ 28 मंत्री भी शपथ लेंगे। कर्नाटक हाईकोर्ट के भ्रष्टाचार के आरोपों से बरी किए जाने के 11 दिन बाद ही अम्मा ने मुख्यमंत्री पद संभालने की तैयारी पूरी कर ली है । 67 वर्षीय जयललिता की इस वापसी की खुशी में चेन्नई की सड़कों पर जश्न का माहौल है। आय से अधिक संपत्ति मामले में गत वर्ष सितंबर में सजा सुनाए जाने के बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी छोडने को मजबूर हुईं जयललिता को अन्नाद्रमुक विधायक दल ने शुक्रवार को फिर से अपना नेता चुना। इसके बाद मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। लिहाजा, महीनों बाद शुक्रवार को जयललिता अपने घर से निकलीं और उन्होंने अपनी सरकार के पुनर्गठन के संदर्भ में राज्यपाल के.रोसैया से मुलाकात की। रोसैया के कार्यालय के जारी बयान के अनुसार जयललिता ने अपने संभावित मंत्रियों की एक सूची भी उन्हें सौंपी। रोसैया ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया है। जयललिता का शपथ ग्रहण समारोह 23 मई को सुबह 11 बजे मद्रास यूनिवर्सिटी शताब्दी बिल्डिंग में होगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।