खालिस्तान समर्थक उग्रवादी जरनैल सिंह भिंडरावाले का पोस्टर उतारे जाने के बाद भड़की हिंसा मामले में देर रात जम्मू के एसएसपी उत्तम चंद का तबादला कर दिया गया। उनकी जगह एसपी ग्रामीण राजीव पांडे को कमान सौंपी गई है। इस बीच जम्मू में पुलिस और सिख प्रदर्शनकारियों के बीच सहमती बनने के बाद बंद की गई इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है। इससे पहले, युवा सिख प्रदर्शनकारियों ने जम्मू-पठानकोट हाईवे पर दिगियाना के नजदीक जम्मू (पूर्व) के डीएसपी मोहम्मद रफीक की सुरक्षा में तैनात सिपाही जोगिंदर पाल को चाकू घोंप कर जख्मी कर दिया। गुरुवार रात हुए इस हमले के दौरान प्रदर्शनकारी पाल की एके-47 मशीनगन भी लेकर भाग गए। कठुआ के मीरपुर के रहने वाले पाल को जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिपाही की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि एके-47 को बरामद कर लिया गया है और हमलावरों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शुक्रवार को सिख प्रदर्शनकारियों का विरोध जम्मू के अलावा श्रीनगर और दिल्ली तक पहुंच गया। जम्मू में खालिस्तान समर्थक उग्रवादी जरनैल सिंह भिंडरावाले का पोस्टर उतारे जाने के बाद भड़की हिंसा में एक शख्स की मौत के बाद पुलिस ने गोली चलाने वाले पुलिस कांस्टेबल मुकेश सैनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले कॉन्स्टेबल की गोली से मारे गए सिख लड़के के परिजनों ने अपनी मांगों को लेकर शव का पोस्मार्टम कराने से मना कर दिया था। शुक्रवार को सिख समुदाय के लोगों ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ बंद का एलान किया था। शहर में स्कूल, कॉलेज और दुकानें बंद रहे। एहतियातन जम्मूू जिले में धारा-144 लगाई गई है। एडिशनल डीसी रिफत कोहली ने कहा कि इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सेना को बुलाया गया। जम्मू में भड़की हिंसा के मद्देनजर शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद से फोन पर बात कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र से पूरी मदद का भरोसा दिया। शुक्रवार शाम को दिल्ली में सिखों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।