सीआईसी और सीवीसी की नियुक्ति पर बहु-प्रतीक्षित फैसला आखिरकार हो ही गया। मुख्य सूचना आयुक्त के तौर पर वरिष्ठ सूचना आयुक्त विजय शर्मा के नाम पर मुहर लग गई। जबकि पूर्व सीबीडीटी प्रमुख केवी चैधरी को नया केन्द्रीय सतर्कता आयुक्त नियुक्त कर दिया गया है। इससे पहले कई दौर की बैठकों के बाद इन दोनों के नामों पर चर्चा हुई थी। इन दोनों को सीआईसी और सीवीसी के पदों पर नियुक्त करने के विषय में सैद्धांतिक सहमति बन गई थी, लेकिन घोषणा नहीं की गई थी। 64 वर्षीय विजय शर्मा को अब नया सीआईसी नियुक्त किया गया है। ये पद पिछले नौ महीने से खाली पड़े हैं। इन खाली पदों को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की खूब आलोचना भी हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा में सबसे बड़े विपक्षी दल कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच हुई बैठकों में इन दोनों के नामों पर सहमति बनी थी। बता दें कि लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार नए मुख्य सूचना आयुक्त और मुख्य सतर्कता आयुक्त के नाम पर राजनीतिक सहमति बनी है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई एक हाई-लेवेल पैनल की बैठक में पिछले कई महीनों से खाली इन दो संवैधानिक पदों के लिए संभावित उम्मीदवारों पर लंबी चर्चा के बाद इस पर आम राय बनी। इस हाई लेवेल मीटिंग में प्रधानमंत्री के अलावा वित्तमंत्री अरुण जेटली, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, कार्मिक मामलों के राज्यमंत्री जितेन्द्र सिंह और लोकसभा में सबसे बड़े विपक्षी दल के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद थे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।