औसत बारिश की चुनौती को एक अवसर के रूप में लें-मोदी
(India)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के कई हिस्सों में सामान्य से औसत बारिश की चुनौती को एक अवसर के रूप में लेने की जरूरत बताते हुए कहा है कि भू-जल के स्तर में आ रही गिरावट को देखते हुए फसल पद्धति में बदलाव किया जाना चाहिए। मोदी ने कृषि, जल संसाधन, ग्रामीण विकास एवं वित्त मंत्रालय और नीति आयोग सहित प्रधानमंत्री कार्यालय के शीर्ष अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए सिंचाई क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्थाओं, वित्तीय प्रबंधों और तकनीक के इस्तेमाल जैसे विषयों पर पुनर्विचार करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि निर्णय लेने को व्यापक बनाने और उसमें तेजी लाई जानी चाहिए जिससे किसानों को तत्काल फायदा मिल सके। उन्होंने देश में सिंचाई नेटवर्क को बढ़ावा देने के लिए बहुविध रणनीति अपनाने और देश में नए तालाब बनाए जाने को बढ़ावा देने पर जोर दिया। बैठक में केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती, ग्रामीण विकास मंत्री चैधरी बीरेन्द्र सिंह और कृषि राज्य मंत्री संजीव बालियान भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से सामान्य से औसत बारिश की चुनौती को एक अवसर के रूप में लेने पर जोर दिया और देश में सिंचाई तालाबों को बढ़ावा देने के प्रयास करने को कहा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।