म्यांमार की सीमा में घुसकर किया उग्रवादियों का सफाया
(India)
भारतीय सेना ने पहली बार एक क्रॉस बॉर्डर ऑपरेशन में म्यांमार की सीमा में घुसकर भारत पर हमले की साजिश रच रहे उग्रवादियों को मार गिराया है। भारतीय सेना ने पिछले दिनों मणिपुर के चंदेल में हुए हमले के बाद यह बड़ी कार्रवाई की। इस ऑपरेशन को म्यांमार की सेना के साथ मिलकर अंजाम दिया गया। भारतीय सेना ने मंगलवार शाम को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। भारतीय सेना ने बताया कि मणिपुर के चंदेल इलाके में चार जून को हुए सुरक्षाकर्मियों पर हमले के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया था। सेना के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से विश्वसनीय सूचना मिली थी कि कुछ उग्रवादी ग्रुप सीमा के अंदर घुसकर हमलों की साजिश रच रहे हैं। ये हमले उन्हीं गुटों के द्वारा होने की संभावना थी, जिन्होंने चंदेल में सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया था। सेना ने बताया कि इस हमले के खतरे के बाद तुरंत जवाबी कार्रवाई की गई। इस पक्की खबर के बाद मंगलवार सुबह भारतीय सेना ने नागालैंड और म्यांमार से लगे सीमावर्ती इलाकों में दो जगह अलग-अलग कार्रवाई की। इस कार्रवाई में विरोधी गुटों को भारी नुकसान हुआ।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।