उत्तर पूर्व सीमा पर हाई अलर्ट जारी
(India)
भारत सरकार ने गुरूवार को उत्तर पूर्व की सीमा पर हाई अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि करीब तीन दर्जन उग्रवादियों ने सीमा में घुसने की कोशिश की। माना जा रहा है कि एनएससीएन (के) बदले की कार्रवाई कर सकता है। गौरतलब है कि पूर्वोत्तर में सक्रिय उग्रवादियों ने पिछले सप्ताह सेना के काफिले पर घात लगाकर हमला किया था, जिसमें 18 जवान शहीद हुए थे और 11 घायल हो गए थे। इसके जवाब में मणिपुर और नगालैंड से लगती म्यांमार सीमा में अंदर तक घुसकर उग्रवादियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन में सेना के पैराट्रुपर्स और वायुसेना के हेलिकॉप्टरों ने हिस्सा लिया।भोर होने से पहले चलाए गए इस अभियान में उग्रवादियों के दो शिविरों को राकेट लांचर जैसे हथियारों से निशाना बनाया गया। कमांडोज ने ओंजिया स्थित एक शिविर को पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया जिसमें बड़ी संख्या में उग्रवादी ढेर हुए। दूसरे शिविर से लगभग 15 उग्रवादियों के हमले से कुछ समय पहले ही बच निकलने पर जवानों ने काफी दूरी तक उनका पीछा किया और उन्हें मार गिराया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।