मुंबई हमले का सरगना और लश्कर आंतकी लखवी को रिहा किए जाने को लेकर पाकिस्तान के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र में कार्रवाई की मांग का चीन ने विरोध किया है। भारत ने लखवी को छोड़े जाने को वैश्चिक नियमों का उल्लंघन बताते हुए पाकिस्तान पर कार्रवाई की मांग की थी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रतिबंधों से संबंधित संयुक्त राष्ट्र की समिति ने भारत के आग्रह पर बैठक की जिसमें मुंबई हमले के मामले में लखवी की रिहाई को लेकर पाकिस्तान से स्पष्टीकरण मांगा जाना था, लेकिन चीन के प्रतिनिधियों ने यह कहकर इस कदम को रोक दिया कि भारत के पास सबूतों का अभाव है। पिछले महीने समिति संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि अशोक मुखर्जी ने समिति के प्रमुख जिम मैकले को लिखे पत्र में कहा था कि पाकिस्तानी अदालत द्वारा लखवी को रिहा किया जाना 1267 संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव का उल्लंघन है। प्रतिबंध संबंधी कदम अलकायदा और लश्कर-ए-तैयबा सहित आतंकी संगठन से संबंधित व्यक्तियों और इकाइयों पर लागू होता है। समिति में संयुक्त राष्ट्र के पांचों स्थायी देश और 10 अस्थायी देश होते हैं। लखवी की रिहाई को लेकर अमेरिका, रूस, फ्रांस और जर्मनी में चिंता जताई गई थी और उसकी फिर से गिरफ्तारी की मांग की गई थी। मुंबई हमले को लेकर लखवी और छह अन्य लोगों को पाकिस्तानी में अभियुक्त बनाया गया है। नवंबर, 2008 में मुंबई के कई प्रमुख स्थानों पर हुए आतंकी हमले में 166 लोग मारे गए थे। लखवी को नवंबर 2009 में गिरफ्तार किया गया था। पाक की एक अदालत ने बीते 9 अप्रैल को लखवी को रिहा किया था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।