भारत तथा उज्बेकिस्तान के बीच कई समझौते
(India)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत तथा उज्बेकिस्तान ने सुरक्षा सहयोग के साथ-साथ रक्षा और साइबर सुरक्षा में सहयोग पर सहमति जताई है. उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति इस्लाम करीमोव से बातचीत के बाद दिए एक बयान में उन्होंने कहा कि दोनों देश शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के तय कार्यक्रमों के तहत काम करेंगे. मध्य एशिया की पहली यात्रा पर उज्बेकिस्तान पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उज्बेक राष्ट्रपति इस्लाम करीमोव से द्विपक्षीय और अफगानिस्तान मुद्दों पर चर्चा की. दोनों देशों ने विदेश कार्यालय, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए. सामरिक, आर्थिक और उर्जा क्षेत्रों में संबंधों को बेहतर बनाने पर समीक्षा की गई. मोदी ने कहा, मैंने उज्बेकिस्तान से अपनी यात्रा शुरू की है, जो भारत के लिए इस देश के महत्व को दर्शाता है, न केवल इस क्षेत्र के लिए बल्कि पूरे एशिया के लिए. राष्ट्रपति करीमोव और मैंने भारत और उजबेकिस्तान के बीच कनेक्टिविटी को और बढ़ाने की विभिन्न पहलों पर चर्चा की है. उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान की स्थिति सहित अंतरराष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की गई. इस देश में शांति एवं स्थिरता के महत्व को दोहराया. दोनों देशों के विस्तारित पड़ोस में बढ़ते उग्रवाद और आतंकवाद के खतरों के बारे में भी चर्चा की. हाल के वर्षो में भारत और उज्बेकिस्तान ने आपसी सम्मान और साझा हितों के आधार पर सामरिक साझेदारी बनाई है.

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।