भाजपा और कांग्रेस को अपने ट्विट हमलों से परेशान कर रहे ललित मोदी पर नया खुलासा हुआ है। 2007 में तत्कालीन भाजपा सरकार ने ललित मोदी के लिए केन्द्र से पद्म अवार्ड की सिफारिश की थी। सिफारिश 28 जुलाई, 2007 को खेल परिषद के माध्यम से कराई गई थी। एक समाचार पत्र ने खेल परिषद द्वारा तत्कालीन प्रमुख शासन सचिव को लिखे पत्र की प्रति होने का दावा किया है। आवेदन में यह जानकारी दी गई कि मोदी का कितना बिजनेस है और उनकी कंपनी किस-किस क्षेत्र में काम करती है। साथ ही क्रिकेट में वे किन-किन पदों पर हैं, यह भी उल्लेखित किया गया। 2006 में मोदी ने जयपुर में चैंपियंस ट्रॉफी के छह मैच आयोजित कराए थे। क्रिकेट और बिजनेस को अवार्ड का आधार बनाया गया था। सरकार ने खुद तत्कालीन आरसीए अध्यक्ष ललित मोदी से अवार्ड के लिए आवेदन मंगवाया था। इसके लिए खेल परिषद को निर्देशित किया गया था। तब परिषद के सचिव यूडी खान ने आरसीए सचिव सुभाष जोशी को एक प्रोफार्मा भेजकर आवेदन मांगा था। पूरी जानकारी नहीं मिलने पर परिषद ने दोबारा आरसीए को पत्र लिखा था। 27 जुलाई, 2007 को जोशी ने परिषद सचिव को फिर से जानकारी भेजी और अगले ही दिन परिषद ने प्रमुख शासन सचिव को आगे की कार्यवाही के लिए पत्र भिजवा दिया। मोदी के अतिरिक्त तीरंदाज लिंबाराम को भी अवार्ड देने के लिए तत्कालीन सरकार ने सिफारिश की थी लेकिन उस समय दोनों को ही अवार्ड नहीं दिया गया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।