दिल्ली के विष्णु गार्डन इलाके में शनिवार की रात एक चार मंजिला बिल्डिंग गिर गई। इस हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 घायलों की हालत बेहद गंभीर है। मलबे में अभी कई और लोगों के दबे होने का अंदेशा है। फायर ब्रिगेड, एमसीडी और एनडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में लगी हुई हैं। फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां भी राहत कार्य में लगी हुईं हैं। जिस वक्त ये हादसा हुआ ज्यादातर घरों में सोने की तैयारी चल रही थी, उसी वक्त देश की राजधानी दिल्ली में एक इमारत मौत के मलबे में तब्दील हो गई।चार मंजिला मकान के ऊपर लालच की एक और मंजिल बनाने का काम छोड़ राज मिस्त्री गया ही था कि पूरी इमारत अचानक भरभरा कर गिर गई। इसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस-प्रशासन को जानकारी देने के बाद खुद ही राहत-बचाव का काम शुरू कर दिया। लेकिन हादसे ने जिंदगी का इंतजार नहीं किया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।