कांग्रेस नहीं चलने देगी संसद की कार्यवाही
(India)
आज से शुरू हो रहे संसद के मॉनसून सत्र में मुकाबला होने के पूरे आसार हैं। सोमवार को भी कांग्रेस ने सुषमा स्वराज, वसुंधरा राजे और शिवराज सिंह चैहान के इस्तीफे न होने तक कार्यवाही न चलने देने की बात दोहराई, मगर सरकार ने साफ कर दिया कि वह विपक्ष के दबाव में किसी मंत्री को नहीं हटाएगी। ऐसे में मॉनसून सत्र का पहला हफ्ता हंगामे की भेंट चढ़ने के आसार है। संसद सुचारु रूप से चलाने के लिए सोमवार को दो सर्वदलीय बैठकें हुईं। संसदीय कार्यमंत्री एम.वैंकेया नायडू की ओर से बुलाई गई ऑल पार्टी मीटिंग में प्रधानमंत्री के अलावा 29 दलों के 42 नेताओं ने हिस्सा लिया। तृणमूल कांग्रेस से कोई नहीं पहुंचा। राज्यसभा में नेता विपक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा कि ललित मोदी और व्यापम मामले से जुड़े नेताओं को जब तक नहीं हटाया जाता, कांग्रेस संसद नहीं चलने देगी। रणनीति बनाने के लिए एनडीए के घटक दलों की बैठक हुई। बीते एक साल में यह पहला मौका है जब सत्र शुरू होने से पहले एनडीए की बैठक हुई है। इस बीच लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने बताया कि लैंड बिल पर बनी संयुक्त संसदीय समिति को रिपोर्ट सौंपने के लिए अगस्त के पहले हफ्ते तक का एक्सटेंशन दे दिया गया है। समिति की समयसीमा दूसरी बार बढ़ाई गई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।