संसद में लगातार चल रहे हंगामे के बीच केंद्र सरकार आज दोबारा सर्वदलीय बैठक बुला सकती है. गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी, लेकिन इससे संसद में जारी गतिरोध समाप्त नहीं हो पाया. केंद्र सरकार ने इस बात का संकेत दिया है कि वह विदेश मंत्री सुषमा स्वराज समेत बीजेपी नेताओं के इस्तीफे की विपक्ष की मांगों पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने को तैयार है. बीजेपी नेताओं के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष पिछले सप्ताह से ही संसद की कार्यवाही चलने नहीं दे रहा है. गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने यह संकेत संसद में गतिरोध को तोड़ने के लिए लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन द्वारा राजनीतिक दलों के नेताओं की बुलाई गई बैठक में दिया.लोकसभा में कांग्रेस के नेता और तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि बैठक के बाद गृहमंत्री ने तब यह संकेत दिया, जब विपक्षी नेताओं ने शिकायत की कि सरकार उनकी मांगों पर वार्ता में उन्हें शामिल करने को तैयार नहीं है.पिछले सप्ताह से ही संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं चल पा रही है. मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस और कुछ अन्य पार्टियां आईपीएल के पूर्व प्रमुख ललित मोदी को ब्रिटेन में यात्रा दस्तावेज दिलाने में कथित मदद के लिए सुषमा स्वराज के इस्तीफे की मांग जोर-शोर से कर रही हैं. वे ललित मोदी से राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के संबंधों और व्यापम घोटाले को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान को भी निशाना बना रहे हैं.
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।